प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के अवसर पर देशभर से जुड़े युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के युवाओं का तन और मन से स्वस्थ, आत्मविश्वास से भरपूर और नशे जैसी घातक आदतों से दूर रहना जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि काशी का सांसद होने के नाते उन्हें खुशी है कि इस अभियान का पायलट प्रोजेक्ट पिछले साल काशी की पवित्र धरती से शुरू हुआ था। देश के 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन, सामाजिक संगठन और एनजीओ इस दिशा में संकल्प लेकर साथ आए हैं। ‘काशी डिक्लेरेशन’ के जरिए रोडमैप तैयार किया गया और अब काशी से निकला यह कल्याणकारी विचार राष्ट्रीय परियोजना बन गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज लिया गया संकल्प अगले 100 सप्ताह तक लगातार आगे बढ़ेगा। हर रविवार कला, संस्कृति, खेल, मेडिटेशन, आध्यात्म और सेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी और नशा मुक्ति का संदेश नए लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले 100 रविवार नशा मुक्त भारत की दिशा में 100 मजबूत कदम होंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने बताया कि हजारों स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के लाखों विद्यार्थी ऑनलाइन इस कार्यक्रम से जुड़े हैं। माई भारत के वॉलंटियर्स और एनएसएस के युवा भी इसमें शामिल हुए हैं। देश के अलग-अलग क्षेत्रों और संस्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवा इस अभियान का हिस्सा बने हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो युवा नशे से लड़कर बाहर निकलते हैं, वे कमजोर नहीं होते, बल्कि असली योद्धा होते हैं। समाज को उनका सम्मान करना चाहिए, उन्हें अपनापन देना चाहिए और दूसरा अवसर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ड्रग्स से जुड़ा किसी व्यक्ति का अतीत उसकी पहचान नहीं हो सकता, बल्कि उसका साहस उसकी पहचान होना चाहिए।
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



