भारतीय रेल ने जुलाई 2026 में माल ढुलाई और यात्री सेवाओं दोनों में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया। इस दौरान रेलवे ने 141.3 मिलियन टन माल ढुलाई की, जो जुलाई 2025 के 129.7 मिलियन टन के मुकाबले 9% अधिक है।
प्रमुख कमोडिटी समूहों की ढुलाई में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज की गई। लौह अयस्क की ढुलाई 22.2%, उर्वरक की 12%, कोयले और अनाज की ढुलाई 11.5% तथा अन्य वस्तुओं की ढुलाई 12.1% बढ़ी।
थर्मल पावर संयंत्रों की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने जुलाई 2026 में विद्युत संयंत्रों को घरेलू कोयले की आपूर्ति पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 20% बढ़ाई।
माल ढुलाई में वृद्धि से जुलाई 2026 में रेलवे को जुलाई 2025 की तुलना में 1,137 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ, जो 8% की वृद्धि है। पूर्व-मध्य रेलवे और पूर्व रेलवे ने 33% की वृद्धि दर्ज की, जबकि पश्चिम-मध्य रेलवे का राजस्व 23% और दक्षिण-पूर्व रेलवे का 10.33% बढ़ा।
यात्री यातायात में भी वृद्धि देखी गई। जुलाई 2026 में रेलवे ने 63.35 करोड़ यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई, जबकि जुलाई 2025 में यह संख्या 62.19 करोड़ थी। उपनगरीय और गैर-उपनगरीय दोनों श्रेणियों में यात्री यातायात बढ़ा।
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



