मार्केट

बाज़ार डेटा लोड हो रहा है…

विलंबित भाव
लाइव टीवी
देश

सावन का पहला सोमवार: देशभर में हर-हर महादेव की गूंज, शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

सावन के पहले सोमवार पर देशभर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर-हर महादेव की गूंज, दिल्ली समेत कई शहरों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें।

सावन का पहला सोमवार: देशभर में हर-हर महादेव की गूंज, शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Graphic: Amrit Khabar NewsroomImage rights policy

सावन के पहले सोमवार को देशभर में शिव भक्ति का माहौल है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक पवित्र नदी तटों, जलाशयों और शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज सुनाई दे रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तड़के से सभी शिवालयों के पट भक्तों के लिए खोल दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश के उज्जैन, हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ, उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ, उत्तराखंड के हरिद्वार और ऋषिकेश तथा झारखंड के देवघर में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी हैं। प्रयागराज के संगम क्षेत्र में श्रद्धालु त्रिवेणी तट पर स्नान कर सूर्य भगवान को जल अर्पित कर रहे हैं। चित्रकूट के रामघाट पर मंदाकिनी में डुबकी लगाने के बाद भक्त महाराजाधिराज मतगजेन्द्र नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं।

दिल्ली में सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख मंदिरों में अर्द्धसैनिक बल, दिल्ली पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर में भक्त रात दो बजे से दर्शन-पूजन कर रहे हैं। मंदिर के बाहर मेटल डिटेक्टर गेट और संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए मशीनें लगाई गई हैं। इस बार गौरी शंकर मंदिर में भक्त सीधे जलाभिषेक नहीं कर पाएंगे, इसके लिए गर्भगृह के बाहर क्यारियां बनाई गई हैं।

चांदनी चौक के बनखंडी मंदिर और कनॉट प्लेस स्थित विश्वेश्वर महादेव मंदिर में प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। विश्वेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक का अनुष्ठान भी आरंभ हो गया है।

स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती

इस समाचार को साझा करें