केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें महिला सिंगल्स की गोल्ड मेडल विजेता अनाहत सिंह और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय जूनियर पुरुष टीम के आर्यवीर दीवान, युशा नफीस और गुरवीर सिंह शामिल रहे।
गौरतलब है कि 18 वर्षीय अनाहत सिंह पिछले सप्ताह कनाडा में आयोजित वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप का महिला सिंगल्स खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। यह उनकी इस प्रतियोगिता में पांचवीं भागीदारी थी और विश्व चैंपियनशिप में दूसरा मेडल। उन्होंने पिछले साल काहिरा में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।
अनाहत ने पिछले शनिवार को गर्ल्स सिंगल्स फाइनल में मिस्र की रुकैया सलेम को 3-0 से हराकर यह खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों से बातचीत में केंद्रीय मंत्री मांडविया ने युवाओं को प्रोत्साहित किया कि वे अपनी हालिया सफलता को एक लंबी यात्रा की शुरुआत मानें, क्योंकि आगे एशियन गेम्स 2026 और ओलंपिक गेम्स 2028 जैसे बड़े पड़ाव आने वाले हैं।
अनाहत को बधाई देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी जीत लाखों युवा भारतीयों को स्क्वैश खेलने के लिए प्रेरित करेगी। अनौपचारिक माहौल में अनाहत ने केंद्रीय मंत्री को ऑटोग्राफ वाला स्क्वैश रैकेट और स्क्वैश बॉल भेंट की। युवा खिलाड़ियों ने सेल्फी लीं और अनौपचारिक बातचीत भी की। बता दें कि स्क्वैश लॉस एंजिल्स में होने वाले 2028 ओलंपिक में पहली बार शामिल होने जा रहा है।
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



