सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अगस्त, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,41,511 रुपए प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 1,42,002 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह 10:20 बजे यह 403 रुपए या 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,41,914 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,41,550 रुपए का न्यूनतम और 1,42,002 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
चांदी में भी तेजी रही। चांदी का 4 सितंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,17,198 रुपए प्रति किलो के मुकाबले 2,17,995 रुपए प्रति किलो पर खुला। कारोबार के दौरान चांदी 2,149 रुपए या 0.99 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,19,347 रुपए प्रति किलो पर थी। चांदी ने 2,17,683 रुपए का न्यूनतम और 2,19,399 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी है। कॉमेक्स पर सोना 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,120 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 58.51 डॉलर प्रति औंस पर थी। जानकारों के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स के कमजोर होने से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिला है। अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध रुकने से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिससे डॉलर की मांग घटी है।
कच्चे तेल में भी कमजोरी देखी जा रही है। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड 5.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.20 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 6.18 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.06 डॉलर प्रति बैरल पर था।
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



