संसद के मानसून सत्र में सोमवार को एक बार फिर हंगामा हुआ। राज्यसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही नहीं हो सकी और दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसद हालिया छात्र प्रदर्शनों से जुड़े मुद्दों पर नियम 267 के तहत चर्चा की मांग कर रहे थे।
राज्यसभा में विपक्षी सांसदों ने सभापति के आसन के पास पहुंचकर नारेबाजी की और पोस्टर दिखाए। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए नाराजगी जताई और कहा कि नियम 267 के तहत दिए गए नोटिस स्वीकार नहीं किए गए हैं। इसके बाद भी हंगामा जारी रहा।
प्रतिपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष ने नोटिस दिया है और वे प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस बल के इस्तेमाल समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा चाहते हैं। हालांकि, सभापति ने नियम 267 को अस्वीकार कर दिया।
लोकसभा में भी हंगामे की स्थिति बनी रही और कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। मानसून सत्र में अब तक प्रश्नकाल और शून्यकाल का अधिकांश समय हंगामे की भेंट चढ़ चुका है।
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



