ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों के समापन समारोह के साथ ही 2030 में अहमदाबाद में होने वाले 24वें राष्ट्रमंडल खेलों की औपचारिक शुरुआत हो गई है। समारोह में भारत ने प्राचीन दर्शन, समकालीन कला और सांस्कृतिक भव्यता के संगम के साथ दुनिया को अहमदाबाद आने का न्योता दिया।
राजकुमार एडवर्ड, ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग ने महाराजा चार्ल्स तृतीय की ओर से ग्लासगो खेलों के समापन की घोषणा की। उन्होंने सभी देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ियों से चार वर्षों में अहमदाबाद आकर 24वें राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सेदारी करने का आह्वान किया।
औपचारिक हैंडओवर समारोह में राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज स्कॉटलैंड और भारत के ध्वजवाहकों द्वारा लाया गया। ग्लासगो की लॉर्ड प्रोवोस्ट जैकलीन मैकलारेन ने ध्वज को कॉमनवेल्थ गेम्स स्कॉटलैंड की उपाध्यक्ष सुसान जैक्सन, दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को सौंपा। इसके साथ ही मेजबानी की जिम्मेदारी स्कॉटलैंड से भारत को स्थानांतरित हो गई।
भारत ने आखिरी बार 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी। ग्लासगो में 11 दिनों की प्रतिस्पर्धा के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 39 पदक जीते, जिसमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य शामिल हैं। इस प्रदर्शन के साथ भारत अंक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
स्रोत: News On AIR



