भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डाबर इंडिया लिमिटेड को उन उत्पादों की बिक्री तत्काल बंद करने का निर्देश दिया है, जिन पर कंपनी '100% नेचुरल', '100% प्योर', '100% प्योरिटी गारंटीड', '100% ऑर्गेनिक' और '100% टेंडर कोकोनट वॉटर' जैसे दावे कर रही थी। प्राधिकरण ने इन दावों को अस्पष्ट, सत्यापित न किए जा सकने वाला और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला माना है।
FSSAI के अनुसार, ये दावे फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशंस, 2018 का उल्लंघन करते हैं। इसके अलावा, डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर बिना वैध FSSAI ऑर्गेनिक अनुमोदन के 'जैविक भारत' (Jaivik Bharat) लोगो का इस्तेमाल पाया गया, जो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (ऑर्गेनिक फूड्स) रेगुलेशंस, 2017 के प्रावधानों के विपरीत है।
नियामक ने यह भी कहा कि डाबर होममेड कोकोनट मिल्क पर '100% प्योरिटी' का दावा किया गया था, जबकि मिश्रित खाद्य उत्पादों (Compound Food Products) के लिए इस तरह का दावा अनुमत नहीं है। FSSAI ने बताया कि पहले भी कंपनी को '100%' वाले भ्रामक दावों को हटाने का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई।
FSSAI ने डाबर को संबंधित उत्पादों की बिक्री तत्काल रोकने और 15 दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (Action Taken Report) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई के बाद सोमवार को बीएसई पर डाबर इंडिया का शेयर 2 प्रतिशत से अधिक गिरकर 414.60 रुपये पर पहुंच गया। पिछले एक वर्ष में कंपनी के शेयर में 20 प्रतिशत से अधिक और पिछले पांच वर्षों में लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



