मार्केट

बाज़ार डेटा लोड हो रहा है…

विलंबित भाव
लाइव टीवी
देश

लखनऊ में ब्रिक्स देशों के सांख्यिकी प्रमुखों की बैठक शुरू, गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी पर जोर

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक लखनऊ में शुरू हुई। 'परिवर्तन के प्रेरक के रूप में गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी' विषय पर आयोजित बैठक में 350 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

लखनऊ में ब्रिक्स देशों के सांख्यिकी प्रमुखों की बैठक शुरू, गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी पर जोर
Graphic: Amrit Khabar NewsroomImage rights policy

भारत की अध्यक्षता में ब्रिक्स सदस्य देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों (एनएसओ) के प्रमुखों की दो दिवसीय बैठक सोमवार को लखनऊ में शुरू हुई। 'परिवर्तन के प्रेरक के रूप में गुणवत्तापूर्ण सांख्यिकी' विषय पर आयोजित बैठक में ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ नीति निर्माता, शिक्षाविद, विचारक, नागरिक समाज संगठनों और तकनीकी विशेषज्ञों समेत 350 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

उद्घाटन सत्र में सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के सचिव और ब्रिक्स 2026 सांख्यिकी ट्रैक के अध्यक्ष डॉ. सौरभ गर्ग ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रीय सांख्यिकी प्रणालियों के आधुनिकीकरण, प्रशासनिक डेटा और डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के उपयोग तथा डेटा प्रबंधन और गोपनीयता मानकों को मजबूत करने पर जोर दिया।

डॉ. गर्ग ने कहा कि तकनीकी आदान-प्रदान और साझा अनुभवों के जरिए ब्रिक्स सदस्य देशों का लक्ष्य डेटा अंतराल को पाटना, साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने को बढ़ावा देना और भविष्य के लिए मजबूत सांख्यिकी प्रणालियां तैयार करना है। उद्घाटन सत्र में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान और यूएई के प्रतिनिधियों ने अपनी अपेक्षाएं साझा कीं।

बैठक के दौरान ब्रिक्स संयुक्त सांख्यिकी प्रकाशन (जेएसपी) 2026 का मसौदा और इसका संक्षिप्त संस्करण जारी किया गया। तकनीकी सत्रों में डेटा प्रसार, सांख्यिकीय प्रणालियों में सुधार और प्रशासनिक डेटा के उपयोग पर चर्चा हुई। सदस्य देशों ने ज्ञान साझा करने और सांख्यिकीय पद्धतियों में सामंजस्य बढ़ाने पर बल दिया।

स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती

इस समाचार को साझा करें