उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री सईदोव बख्तियार ओदिलोविच ने कहा कि उनकी चार दिवसीय भारत यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा की तैयारी करना है। सोमवार को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह बातचीत दोनों पक्षों के बीच नियमित संवाद का हिस्सा है और इसका फोकस रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने पर है।
सईदोव ने कहा, “हमने सिर्फ 10 दिन पहले ही फोन पर कई मुद्दों पर चर्चा की थी और निश्चित रूप से मेरे आपके महान देश के दौरे के दौरान भी हमने प्रधानमंत्री की उज्बेकिस्तान यात्रा की तैयारी के लिए इन बैठकों और बातचीत को आयोजित करने पर सहमति जताई थी।” उन्होंने इस यात्रा को दोनों देशों के बीच बातचीत का “व्यावहारिक विस्तार” बताया और कहा कि दोनों पक्ष अंतरराष्ट्रीय मंचों और कार्यक्रमों का लगातार इस्तेमाल कर आपसी जुड़ाव को मजबूत करते रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, “मुझे व्यक्तिगत रूप से और मेरे पूरे प्रतिनिधिमंडल को विशेष निर्देश दिए गए थे कि मैं आपके देश का दौरा करूं ताकि प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा की तैयारी की जा सके।” उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्री ने भारत को भरोसेमंद साझेदार बताते हुए कहा कि नई दिल्ली दक्षिण एशिया में उज्बेकिस्तान के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक और व्यापारिक साझेदारों में से एक है।
सईदोव बख्तियार 2 से 5 अगस्त तक भारत की उच्च-स्तरीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। इससे पहले सोमवार को उन्होंने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और उसके बाद विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ विस्तृत वार्ता की। दोनों विदेश मंत्रियों ने भारत-उज्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी की व्यापक समीक्षा की, जिसमें ऊर्जा, बुनियादी ढांचा, रक्षा, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया।
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, “उज्बेकिस्तान के अपने दोस्त सईदोव बख्तियार से मिलकर बहुत अच्छा लगा। हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी की विस्तृत समीक्षा की, जिसमें ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, व्यापार, रक्षा, शिक्षा और संस्कृति पर विशेष ध्यान दिया गया।”
स्रोत: डीडी न्यूज़, प्रसार भारती



